रमोला न्यूज नौगांव:
देश में सूचना प्रौद्योगिकी और संचार क्रांति के पुरोधा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर नौगांव, बड़कोट व पुरोला क्षेत्र कांग्रेसियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा नगर कार्यालय तथा नगर पालिका सभागार में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेसियों ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत और तकनीकी क्रांति के अग्रदूत के रूप में स्मरण किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को नई दिशा देते हुए सूचना प्रौद्योगिकी, संचार क्रांति तथा युवा शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की। उनके प्रयासों से भारत तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा।
वक्ताओं ने उन्हें आधुनिक भारत की सोच रखने वाले दूरदर्शी नेता बताते हुए कहा कि उनके विचार आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर नौगांव में हरीमोहन जुंवाठा, रामप्रसाद सेमवाल, भगत, बडकोट पवन पंवार पुरोला नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी, जगबीर रावत, भूपाल गुसाईं, समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
