रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुधा भारद्वाज ने लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमत ₹100 प्रति लीटर के पार पहुंच चुकी है, जिससे आमजन का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
सुधा भारद्वाज ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होते ही केंद्र सरकार ने चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी। चुनावों के दौरान भाजपा सरकार जनता को राहत, विकास और बेहतर जीवन का भरोसा देती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आम आदमी की परेशानियों को पूरी तरह भुला दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर रसोई गैस, खाद्य पदार्थों, परिवहन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं पर पड़ रहा है। महंगाई ने मध्यम वर्ग, गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी और युवाओं की कमर तोड़ दी है। परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है, लेकिन सरकार जनता की पीड़ा के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।
सुधा भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। एक तरफ बेरोजगारी चरम पर है, वहीं दूसरी तरफ महंगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। जनता राहत की उम्मीद कर रही है, लेकिन सरकार केवल बड़े-बड़े दावे और विज्ञापन करने में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन की आवाज बनकर जनता के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत देने तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
पेट्रोल ने पार किया ₹100 का आंकड़ा, महंगाई ने तोड़ी आमजन की कमर : सुधा भारद्वाज
