सुमेश कुमार /रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 27 मई, : पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन में “अटल संस्मरण” पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक टंडन द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर लिखी गई है।
सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने अटल जी को दूरदर्शी राजनेता, आदर्श सांसद और सच्चे राष्ट्रवादी के रूप में वर्णित किया, जिन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने सदैव राजनीतिक हितों, व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और सत्ता से ऊपर “राष्ट्र प्रथम” को रखा।
श्री कटारिया ने कहा कि अटल जी में कम आयु से ही अपने प्रभावशाली भाषणों और प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से लोगों से जुड़ने की अद्भुत क्षमता थी। उन्होंने कहा कि अटल जी के शब्दों में श्रोताओं को गहराई से प्रभावित करने तथा विभिन्न विचारधाराओं के लोगों को जोड़ने की शक्ति थी। अटल जी के राष्ट्रप्रेम को स्मरण करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनकी देशभक्ति और प्रभावशाली वक्तृत्व कला को देखते हुए तत्कालीन विपक्षी नेतृत्व ने भी उन्हें वर्ष 1977 में संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा था।
श्री कटारिया ने कहा कि चाहे पोखरण परमाणु परीक्षण हो, भारत के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना, वैज्ञानिक प्रगति को बढ़ावा देना अथवा कारगिल युद्ध के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करना, अटल जी का प्रत्येक महत्वपूर्ण निर्णय राष्ट्रीय हित और आत्मनिर्भर भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता था।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि अटल जी के विचार, आदर्श और लोकतांत्रिक मूल्य सदैव राष्ट्र का मार्गदर्शन करते रहेंगे तथा युवाओं को राष्ट्रवाद, ईमानदारी और जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
“अटल संस्मरण” पुस्तक के लेखक वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक टंडन ने इस पुस्तक को अटल जी को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि बताते हुए उनसे जुड़े कई स्मरणीय अनुभव साझा किए। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) शबीहुल हसनैन ने कहा कि अटल जी के व्यक्तित्व में राष्ट्रवाद और मानवीय मूल्यों का अद्भुत समन्वय था, जिसकी झलक उनकी कविताओं में भी दिखाई देती थी। भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल श्री सत्य पाल जैन ने अटल जी को अपने शब्दों पर अडिग रहने वाले तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित राजनेता बताया। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल वेद प्रकाश मलिक ने कहा कि अटल जी महत्वपूर्ण निर्णय लेते समय परामर्श, संवाद और सहमति में विश्वास रखते थे।
इस अवसर पर सांसद श्री अतुल गर्ग सहित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के अनेक प्रशंसक एवं अनुयायी भी उपस्थित थे।
