कालका : पंचकूला के प्रसिद्ध काली माता मंदिर के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। परमाणु की ओर से आ रहे सीमेंट से लदे एक अनियंत्रित ट्रक के पलटने से उसके नीचे दबकर 4 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में घायल ट्रक ड्राइवर ने भी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक बच्चे की पहचान राजवीर (4 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अंबाला की सोनिया कॉलोनी का रहने वाला था। राजवीर अपने माता-पिता और रिश्तेदारों के साथ बाइक पर सवार होकर काली माता के दर्शन करने कालका आया था। रात करीब 1 बजे जब परिवार के सदस्य सड़क किनारे खड़े थे, तभी यह हादसा हो गया। राजवीर के चाचा सिमरनजीत सिंह ने रुंधे गले से बताया : “हम दर्शन के लिए अभी पहुंचे ही थे। मैं बाइक पार्क कर रहा था और परिवार के बाकी लोग सड़क किनारे खड़े थे। तभी अचानक ट्रक आया और राजवीर के ऊपर पलट गया। सब इतना जल्दी हुआ कि हमें पता भी नहीं चला कि ट्रक पलटा कैसे।”
700 कट्टों के मलबे में दबा मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में सीमेंट के करीब 700 कट्टे लदे थे। ट्रक पलटते ही सीमेंट की बोरियां और ट्रक की बॉडी राजवीर के ऊपर गिर गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर बच्चे और ड्राइवर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजवीर की सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
कालका थाना प्रभारी मनसाराम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया – ट्रक परमाणु की ओर से आ रहा था और अचानक अनियंत्रित हो गया। फिलहाल ट्रक पलटने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
अस्पताल में भर्ती : हादसे के बाद बच्चे के परिवार का एक अन्य सदस्य सदमे के कारण बेहोश हो गया, जिसे पंचकूला के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जेसीबी की मदद : सड़क पर बिखरे सीमेंट के कट्टों और ट्रक के मलबे को हटाने के लिए पुलिस ने जेसीबी की मदद ली ताकि यातायात को बहाल किया जा सके।
