तिलक चंद रमोला रमोला न्यूज नौगांव: वंदे मातरम् ट्रेनिंग एंड एजुकेशन फाउंडेशन ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और राष्ट्रसेवा के संकल्प को सिद्ध करते हुए अग्निवीर भर्ती में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 42 युवाओं में से 38 युवाओं का अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है, जो स्वयं में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
फाउंडेशन की विशेषता यह है कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर, सैनिक आश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों के बेटा-बेटियों को निःशुल्क आवास, भोजन, शारीरिक प्रशिक्षण, कोचिंग कक्षाएं, कंप्यूटर शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। संस्थान किसी भी अभ्यर्थी से एक रुपये का भी शुल्क नहीं लेता।
इस प्रेरणादायी पहल की स्थापना भारतीय सेना की तृतीय बटालियन, द गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत्त सैनिक नायक राजेश सेमवाल द्वारा की गई। उनका उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से दूर हो रहे युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना था। आज उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम देश के सामने है।
संस्थान के संस्थापक राजेश सेमवाल ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, इष्ट देवी मां रेणुका, आराध्य देव भगवान बद्री विशाल, भारत माता के आशीर्वाद तथा प्रशिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का लक्ष्य केवल भर्ती कराना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना से ओत-प्रोत युवाओं का निर्माण करना है।
अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं की इस शानदार सफलता ने न केवल फाउंडेशन को नई पहचान दिलाई है, बल्कि यह भी साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, समर्पण और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस उपलब्धि पर संस्थान एवं चयनित युवाओं को बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड और देश के लिए गर्व का विषय बताया है।
निःशुल्क वंदे मातरम् ट्रेनिंग एंड एजुकेशन फाउंडेशन का राष्ट्र को नायाब तोहफा 42 में से 38 युवाओं का अग्निवीर में चयन,
