सांबा, 8 जुलाई (रंजीव मेहता): अमरनाथ यात्रा के मद्देनज़र सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के तहत रिंग रोड पर ट्रकों की आवाजाही रोके जाने से सैकड़ों ट्रक चालक पिछले दो से तीन दिनों से फंसे हुए हैं। चालकों का कहना है कि प्रशासन के इस निर्णय के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि मौके पर मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
चालकों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से वे अपने ट्रकों को छोड़कर कहीं आ-जा नहीं सकते। ऐसे में खाने-पीने, पीने के पानी, शौचालय तथा नहाने-धोने जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई चालक निजी ढाबों पर अपने खर्च पर भोजन करने और पीने का पानी खरीदने को मजबूर हैं।
श्रीनगर के लिए आइसक्रीम लेकर जा रहे चालक शिवकुमार ने बताया कि रेफ्रिजरेटेड ट्रक का एसी लगातार चलाना पड़ रहा है, जिससे ईंधन और बिजली की खपत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रकों को जल्द नहीं छोड़ा गया तो खराब होने वाले सामान के नुकसान की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से आवश्यक और शीघ्र खराब होने वाले सामान से लदे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर आगे भेजने की मांग की।
चालक जसविंदर सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक इंतजार करना बेहद कठिन हो गया है। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही कि ट्रकों को कब आगे जाने की अनुमति मिलेगी।
एक अन्य चालक लक्की ने कहा कि लंबे इंतजार के कारण चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और मौके पर नहाने-धोने जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। गर्मी के मौसम में ट्रक के साथ लगातार रहना बेहद मुश्किल हो गया है।
चालक सौरव ने बताया कि वे 2 जुलाई को रवाना हुए थे और तब से रास्ते में फंसे हुए हैं। चोरी के डर से वे ट्रक छोड़कर कहीं नहीं जा सकते। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा के साथ-साथ पानी, भोजन, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
एसएसपी ट्रैफिक फारूख केसर ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के काफिले की आवाजाही के दौरान सुरक्षा कारणों से ट्रकों को अस्थायी रूप से रोका जाता है। यात्रा का काफिला उधमपुर पार करने के बाद ट्रकों को आगे जाने की अनुमति दी जाती है। उन्होंने कहा कि एक दिन श्रीनगर से जम्मू और अगले दिन जम्मू से श्रीनगर की ओर ट्रकों का आवागमन कराया जाता है। इस व्यवस्था के कारण ट्रक चालकों को लगभग 36 से 40 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस श्रद्धालुओं और ट्रक चालकों—दोनों के हितों को ध्यान में रखते हुए यातायात का संचालन कर रही है।

