जम्मू, 8 जुलाई:(रंजीव मेहता/ रमोला न्यूज़)सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने बुधवार को कश्मीर दौरे के दौरान चिनार कोर मुख्यालय और उससे जुड़ी सैन्य इकाइयों का दौरा कर घाटी के सुरक्षा हालात और सेना की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की।
सेना के अधिकारियों ने उन्हें नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षा व्यवस्था, आतंकवाद रोधी अभियानों, संवेदनशील इलाकों में सैन्य तैनाती, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और जारी श्री अमरनाथ यात्रा के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी।
सेना प्रमुख ने आधुनिक तकनीक के उपयोग, सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने के प्रयासों और सेना की समग्र ऑपरेशनल तैयारियों का भी आकलन किया।
जनरल धीरज सेठ ने कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों की पेशेवर दक्षता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रयासों से क्षेत्र में शांति, स्थिरता और उच्च स्तर की सुरक्षा तैयारियां सुनिश्चित हो रही हैं। सेना प्रमुख ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की।
