सफाई अभियान के दावों पर उठे सवाल, सेक्टर-11 के निवासी अब भी मूलभूत समस्याओं से परेशान

 

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला। नगर निगम द्वारा कुछ समय पहले सेक्टर-11 से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान का शुभारंभ मेयर की मौजूदगी में स्थानीय पार्षद एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया था। उस समय दावा किया गया था कि सेक्टर-11 को शहर के सबसे स्वच्छ सेक्टरों में शामिल किया जाएगा।

हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि अभियान के बाद भी जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। उनका आरोप है कि कई सड़कें और गलियां अब भी पूरी तरह साफ नहीं हैं, जबकि सीवर और गटर से समय-समय पर गंदा पानी बाहर आने की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

निवासियों ने यह भी चिंता जताई कि सेक्टर में कई पेड़ चार मंजिला इमारतों से भी अधिक ऊंचे हो चुके हैं। उनका कहना है कि तेज आंधी या तूफान की स्थिति में इन पेड़ों की शाखाएं टूटने या पेड़ गिरने से जन-धन का नुकसान हो सकता है। उन्होंने नगर निगम से समय रहते पेड़ों की छंटाई कराने की मांग की है।

हाल ही में मेयर ने शहर में एक बार फिर व्यापक सफाई अभियान चलाने की घोषणा की है। ऐसे में सेक्टर-11 के लोगों को उम्मीद है कि इस बार उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्रवासी सफाई व्यवस्था, सीवर समस्या और पेड़ों की छंटाई जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *