विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 22 जुलाई : दिल्ली में अपनी जायज मांगों के लिए 20 जुलाई 2026 को जन्तर-मन्तर से संसद भवन तक रोष मार्च के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे देश के लाखों युवाओं एवं छात्रों के ऊपर केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा जो बर्बरतापूर्ण तरीके से लाठीचार्ज किया गया, लड़कियों एवं महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई, अमानवीय व्यवहार किया गया एवं घटिया हरकत की गई थी। उसके खिलाफ आज जननायक जनता पार्टी एवं युवा जजपा पंचकूला के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा जिला अध्यक्ष ओ पी सिहाग के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के नाम उपायुक्त पंचकूला के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
जजपा पंचकूला ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने इस बारे चर्चा करते हुए कहा कि 20 जुलाई को भारत के इतिहास में पहली बार देश भर से आए युवाओं, छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लाखो की संख्या में दिल्ली के जंतर-मंतर पर इकट्ठे होकर शांतिपूर्वक तरीके से जो प्रदर्शन एवं रोष मार्च संसद भवन तक जाने के लिए किया वो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है।ओ पी सिहाग ने कहा कि बीजेपी सरकार ने लाखों युवाओं के इस रोष मार्च से घबराकर इसे दबाने के लिए अपने अधीन पुलिस एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे निहत्थे युवाओ एवं छात्रों पर बहुत ही बर्बरतापूर्ण तरीके से लाठीचार्ज कराकर सेंकड़ों युवाओं व छात्र – छात्राओं को बुरी तरह घायल कर दिया जिनमें बहुतो की हालत बेहद गम्भीर है। इस लाठीचार्ज के दौरान पुलिस ने सारी हदों को पार करते हुए छोटी-छोटी उम्र की छात्राओं को भी नहीं बख्शा।
जजपा नेताओं ने इस बर्बरतापूर्ण कार्यवाही की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि आंदोलनकारी युवा एवं छात्र हमारे अपने हैं । वो शिक्षा प्रणाली में सुधार एवं नीट जैसी अति मह्त्वपूर्ण होने वाली परीक्षाओं में बार बार पेपर लीक करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने बारे ही तो मांग कर रहे हैं क्योंकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी जिम्मेवारी निभाने में बार बार फेल हुए हैं इसलिए उनका इस्तीफा मांग रहे हैं ,उनकी सभी मांगों को माना जाए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने प्रोटोकोल के खिलाफ लाठीचार्ज किया है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। घायल हुए छात्र -छात्राओं को प्रॉपर मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करायी जाए।जिन लोगों के खिलाफ पुलिस ने झूठे मुकदमे दर्ज किए हैं उनको वापिस लिया जाए। आज उपायुक्त को ज्ञापन देने वालों में जजपा महिला प्रदेश प्रभारी डॉक्टर किरण पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज, युवा जजपा ज़िला प्रधान दीपक चौधरी,जजपा हल्का पंचकूला प्रधान राजेश निषाद, हल्का कालका प्रधान मयंक लाम्बा, इनसो ज़िला प्रधान मोहित गुजर. इनसो प्रदेश महासचिव रजत गुजर, ज़िला कार्यालय सचिव सुरिन्दर चड्डा, पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश वाल्मीकि , मनीष गुजर, विकास मलिक , रणधीर पंवार आदि उपस्थित रहे।
