करनाल : जिले के गोंदर गांव में हुए सनसनीखेज सूरज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी ने कबूल किया है कि यह हत्या पुरानी रंजिश और बदले की भावना से की गई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए हैं। निसिंग थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार, मुख्य आरोपी कुलदीप वर्तमान में चार दिन के पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ में कुलदीप ने खुलासा किया कि उसके भाई कपिल की पहले हत्या कर दी गई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरज को निशाना बनाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दो अवैध पिस्टल बरामद की हैं। वारदात 18 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे की है। मृतक सूरज के भाई शुभम ने बताया कि सूरज बाइक लेकर गांव में किसी काम से गया था। तभी गोंदर चौक के पास बाइक सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। इस घटना के बाद परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम भी लगाया था और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
एसपी करनाल के निर्देशानुसार, सीआईए (CIA) और निसिंग पुलिस की पांच टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मामले में नामजद अन्य आरोपियों—गुरप्रीत, अनुराग, विक्रम और मोनू—की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
करनाल : सूरज हत्याकांड का खुलासा, भाई की मौत का बदला लेने के लिए मारी थी गोली, दो पिस्टल बरामद
