पंचकूला मेयर चुनाव: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, सुधा भारद्वाज के नामांकन में जुटे दिग्गज नेता

पंचकूला : नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रत्याशी सुधा भारद्वाज के नामांकन के दौरान जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए एकजुटता का बड़ा संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया। नामांकन के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक चंद्रमोहन बिश्रोई, विधायक अकरम खान सहित कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सुधा भारद्वाज को समर्थन देते हुए जीत का विश्वास जताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला नगर निगम भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है और ‘डबल इंजन’ सरकार अब ‘डबल भ्रष्टाचार’ का प्रतीक बन गई है। नेताओं ने 159 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि यह जनता के पैसे की खुली लूट है।

कांग्रेस नेताओं का दावा था कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो घोटाले की राशि 500 से 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है और इसकी आंच बड़े स्तर तक जाएगी। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी रकम बिना उच्च स्तर की जानकारी के कैसे निकाली जा सकती है।

सभा को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि सुधा भारद्वाज एक जमीनी और मजबूत उम्मीदवार हैं, जिन्हें जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की मांग पर ही उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए सैलजा ने कहा कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस महिलाओं को वास्तविक अवसर देने में विश्वास रखती है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने ही मेयर और कई पार्षदों के टिकट काटकर अप्रत्यक्ष रूप से नगर निगम में भ्रष्टाचार को स्वीकार किया है, लेकिन असली जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस ने मतदाताओं से अपील की कि वे साफ-सुथरी राजनीति के लिए कांग्रेस का समर्थन करें और भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *