पानीपत : औद्योगिक नगरी पानीपत के सेक्टर-25 (पार्ट-2) में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्थित जेके हैंडलूम हाउस (JK Handloom House) में अचानक भयंकर आग लग गई। सुबह करीब 7:30 बजे लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते कर्मचारी बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग फैक्ट्री की सबसे ऊपरी मंजिल से शुरू हुई। हैंडलूम यूनिट होने के कारण यहाँ भारी मात्रा में धागा और कपड़ा मौजूद था, जिसने ईंधन का काम किया और आग तेजी से फैल गई। धुएं का गुबार इतना विशाल था कि वह कई किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग लगने के तुरंत बाद फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों ने साहस का परिचय दिया। लपटों के बीच उन्होंने निचले फ्लोर से तैयार माल और कच्चा सामान बाहर निकालना शुरू किया ताकि नुकसान को कम किया जा सके। सूचना मिलते ही डायल 112 और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया।
आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों में काम रुकवा दिया है। पड़ोसी उद्यमियों ने भी अपने संसाधनों से आग पर काबू पाने में मदद की ताकि लपटें अन्य इमारतों तक न पहुँच सकें।
फिलहाल दमकल विभाग की कई गाड़ियाँ आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। इस हादसे में फैक्ट्री के भीतर रखा लाखों रुपये का माल जलकर स्वाहा हो गया है।
