भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता में आक्रोश: कुमारी सैलजा

चंडीगढ़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव उत्तराखंड प्रभारी व सांसद कुमारी सैलजा इन दिनों उत्तराखंड के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने जहां विभिन्न राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की, वहीं सामाजिक, धार्मिक एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। राजनीतिक कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता में व्यापक आक्रोश की भावना पनप रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों की अनदेखी से आमजन परेशान है और आने वाले समय में प्रदेश में परिवर्तन निश्चित है। हरिद्वार में जय भगवान आश्रम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियानों को तेज करने तथा आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपने दौरे के सामाजिक एवं प्रेरणादायक पक्ष में कुमारी सैलजा ने मसूरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीर आंदोलनकारियों का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए प्रेरणा है, जो हमें न्याय, सेवा और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ने की दिशा देता है। इसके अतिरिक्त उन्होंने हरिद्वार स्थित बिश्नोई आश्रम में ब्रह्मलीन गौ ऋषि स्वामी श्री राजेंद्रानंद जी महाराज की समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने स्वामी जी के जीवन को त्याग, सेवा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण बताते हुए कहा कि उनके आदर्श समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के तहत कुमारी सैलजा ने कोटद्वार स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धबली धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। अपने इस दौरे के माध्यम से कुमारी सैलजा ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी न केवल राजनीतिक स्तर पर सक्रिय है, बल्कि सामाजिक सरोकारों और जनभावनाओं से भी गहराई से जुड़ी हुई है। कार्यकर्ताओं के उत्साह और जनसमर्थन को देखते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने की संभावनाएं प्रबल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *