यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर जिले के रादौर क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने सरेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दी। भूरे का माजरा गांव में पूर्व सरपंच ऋषि पाल के आवास पर पल्सर बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने करीब 14-15 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। आधी रात को गूंजी गोलियों की गड़गड़ाहट जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब 1:30 बजे हुई। जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी बाइक सवार हमलावरों ने घर को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि गोलियां किसी सदस्य को नहीं लगीं और परिवार के सभी लोग सुरक्षित हैं।
जांच में जुटी पुलिस और सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलते ही थाना रादौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए हैं और आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों और उनकी बाइक की पहचान की जा सके।
पूर्व सरपंच के घर पर इस तरह के हमले ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस रंजिश सहित अन्य सभी पहलुओं पर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
