हरियाणा की अनाज मंडियों में अव्यवस्था से किसान परेशान : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़ : हरियाणा की अनाज मंडियों में किसानों को आ रही समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव ने कहा कि प्रदेश में गेहूं खरीद व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई मंडियों से लगातार यह शिकायतें सामने आ रही हैं कि पोर्टल में तकनीकी खामियां हैं, सर्वर बार-बार डाउन हो रहा है और किसानों के अंगूठों का मिलान नहीं हो पा रहा। इसके कारण न केवल खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है बल्कि किसानों की फसल बिक्री भी अटक रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में किसानों को पहले ऑनलाइन प्रक्रिया में उलझाया गया और अब तकनीकी समस्याओं के चलते उन्हें और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बारदाना की कमी, उठान में देरी और भुगतान में विलंब जैसी समस्याएं भी देखने को मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि इन समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाना चाहिए तथा मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। कुमारी सैलजा ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है और उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाती रहेगी, ताकि उन्हें न्याय और उचित सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *