आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने बीजेपी सरकार की पोल खोली

 

 

दिल्ली/चंडीगढ़

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह दिल्ली की जल आपूर्ति में बाधा डालने और दिल्ली विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रच रही है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा से दिल्ली को आपूर्ति किए जा रहे पानी में अमोनिया का स्तर 7 पीपीएम तक पहुंच चुका है, जबकि दिल्ली जल बोर्ड के संयंत्र केवल 1 पीपीएम तक ही पानी को शुद्ध कर सकते हैं। यह तय सीमा से 700% अधिक है, जिसके कारण जल शोधन संयंत्रों की क्षमता प्रभावित हो रही है। इसके परिणामस्वरूप दिल्ली में जल आपूर्ति में 15-20% की कटौती हुई है, जिससे लगभग 34 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि हरियाणा से आने वाले अत्यधिक प्रदूषित पानी में अमोनिया और अन्य रसायनों की मौजूदगी दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है। इससे किडनी संबंधी बीमारियां, सांस की समस्याएं, और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार चुनावी फायदा उठाने के लिए दिल्ली की जनता को जहरीला पानी पिला रही है। यह न केवल एक शर्मनाक कदम है, बल्कि हरियाणा और उसकी जनता के साथ विश्वासघात है।”

ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने पानीपत की 400 से अधिक इंडस्ट्रिज का जिक्र करते हुए कहा कि ये इकाइयाँ बिना एसटीपी प्लांट के किए जहरीला पानी यमुना में छोड़ रही हैं। इससे अमोनिया का स्तर बढ़कर दिल्ली की जल आपूर्ति को प्रभावित कर रहा है।

उन्होंने 2023 के मानसून के दौरान हुए जल संकट का भी जिक्र किया, जब हरियाणा सरकार की लापरवाही उजागर हुई थी। उस समय आईटीओ बैराज के गेट जाम हो गए थे, और हरियाणा सरकार को अपने अधिकारियों पर कार्रवाई करनी पड़ी थी।

अनुराग ढांडा ने कहा, “बीजेपी सरकार हरियाणा और दिल्ली की जनता के साथ अन्याय कर रही है। यमुना को प्रदूषित कर और जहरीला पानी भेजकर वह न केवल आम आदमी पार्टी को बदनाम करना चाहती है, बल्कि जनता के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ कर रही है। लेकिन दिल्ली की जनता इन साजिशों को समझ चुकी है और आगामी चुनावों में आम आदमी पार्टी को एक बार फिर सत्ता में लाएगी।”

उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके झूठ और लापरवाही ने हरियाणा की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है। आम आदमी पार्टी जनता के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *