राज्य गठन के बाद उत्तरकाशी की 20वीं पुलिस अधीक्षक बनीं, बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के साथ संभाला पदभार
रमोला न्यूज़, नौगांव।
उत्तरकाशी जनपद की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय (IPS) ने शुक्रवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। उन्होंने उत्तरकाशी पहुंचने के बाद सर्वप्रथम बाबा काशी विश्वनाथ जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की।
चार्ज ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन ज्ञानसू में अधिकारियों की बैठक लेकर जनपद की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इस अवसर पर जनपद के सभी पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या सामाजिक असंतुलन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जनता से संवाद और पुलिस की जनसहभागिता बढ़ाने पर भी बल दिया।
इससे पूर्व पुलिस लाइन ज्ञानसू में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व पुलिस अधीक्षक श्रीमती सरिता डोबाल को उत्तरकाशी पुलिस परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। उन्हें उपहार स्वरूप स्मृति चिह्न प्रदान किया गया और उनके नए कार्यस्थल अभिसूचना मुख्यालय, देहरादून में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
जनपद के पुलिस कर्मियों ने कहा कि श्रीमती सरिता डोबाल के नेतृत्व में उत्तरकाशी पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य किया, वहीं श्रीमती कमलेश उपाध्याय के आगमन से जनपद में कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
जनता और प्रशासन दोनों ही नई पुलिस अधीक्षक से अपेक्षा कर रहे हैं कि उनके नेतृत्व में उत्तरकाशी एक सुरक्षित और अनुशासित जिले के रूप में अपनी पहचान को और मजबूती देगा।

