चंडीगढ़ : सिरसा से सांसद, कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने देशभर के किसानों पर बढ़ते कर्ज को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज किसानों पर लगभग 32.65 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है, जो बेहद चिंताजनक है। सरकार के पास न तो कर्ज माफी की कोई ठोस योजना है और न ही किसानों को राहत देने की इच्छा शक्ति दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे करती है, जबकि जमीनी स्तर पर किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। कुमारी सैलजा ने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल रहा, जिससे उनकी आय बढ़ने के बजाय घट रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा अब जुमला साबित हो चुका है। कांग्रेस की नीति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी कर्ज माफी, एमएसपी की कानूनी गारंटी और कृषि सुधारों के पक्ष में है तथा किसानों के हितों के लिए संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष जारी रखेगी।
हरियाणा में एलपीजी संकट
हरियाणा में बढ़ती एलपीजी किल्लत को लेकर सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र व राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह विफल है और कालाबाजारी तेजी से बढ़ रही है, जहां सिलेंडर मनमाने दामों पर बेचे जा रहे हैं। कुमारी सैलजा ने मांग की कि सरकार तुरंत आपूर्ति सुधारे, कालाबाजारी पर कार्रवाई करे और आम जनता को राहत दे।

