जिला युवा महोत्सव में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, युवाओं ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों से किया समाज को जागरूक

 

पंचकूला, 19 नवंबर : युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, पंचकूला में आज जिला युवा महोत्सव, पंचकूला का उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ आगाज किया गया। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई।

महोत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी, पंचकूला श्रीमती मन्नत राणा की मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति रही।

श्रीमती मन्नत राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने का प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।

महोत्सव के अंतर्गत समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, लोक वाद्ययंत्र, कविता लेखन, चित्रकला एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिले के युवाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। युवाओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में आईटीआई पंचकूला, आईटीआई रायपुररानी, आईटीआई कालका एवं अन्य संबंधित संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आईटीआई पंचकूला से प्रधानाचार्य एवं जिला युवा समन्वय अधिकारी श्री शिवचरण गौतम सहित सभी संस्थानों के प्रधानाचार्यों, स्टाफ सदस्यों, निर्णायक मंडल तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय और सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, अनुशासन एवं विषय के प्रति उनकी समझ की प्रशंसा की।

 

********

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *