समाधान शिविर में उपायुक्त ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

 

पंचकूला, 19 नवंबर: उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिलावासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान शिविर में सेक्टर-30, पिंजौर निवासी एक शिकायतकर्ता ने शिकायत दी कि उनके साथ लगते मकान की बिजली की तारें उनके घर के ऊपर से गुजर रही हैं। इससे बिजली का करंट लगने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, पिंजौर तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया जा सके।

इसी प्रकार, सेक्टर-11 निवासी एक शिकायतकर्ता ने अपने पड़ोसी मकान में किए जा रहे स्टिल्ट प्लस फोर निर्माण से उनके मकान को नुकसान पहुंचने की शिकायत रखी। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। उपायुक्त ने इस पर संज्ञान लेते हुए एचएसवीपी के अधिकारियों को मौके का मुआयना करने तथा मामले की विस्तृत रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पंचकूला में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर लगाया जाता है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्वयं भी समाधान शिविरों से जुड़कर शिकायतों के निवारण की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग करते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करें तथा जिलावासियों की समस्याओं का बिना किसी विलंब के समाधान करें। उन्होंने दोहराया कि जनसमस्याओं के निवारण में किसी भी स्तर पर कोताही की कोई गुंजाइश नहीं है।

इस अवसर पर नगराधीश जागृति, जिल विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर सहित शिक्षा, पुलिस, वन, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, एचएसवीपी, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), सिंचाई, स्वास्थ्य, समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *