आयुर्वेद जीवन जीने की विज्ञान एवं कला : वैद्य करतार धीमान

 

पंचकूला, 19 नवंबर : श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के कुलपति प्रोफेसर वैद्य करतार धीमान ने कहा कि आयुर्वेद जीवन जीने की विज्ञान एवं कला है। भारतीय ज्ञान परंपरा की पहचान आयुर्वेद का उद्देश्य केवल आजीविका का माध्यम नहीं है, बल्कि लोक कल्याण की भावना अर्जित करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक की वास्तविक सफलता उसकी डिग्री से के साथ मरीज के विश्वास और उसके अनुभव से तय होती है। जब कोई मरीज अपने अनुभव के आधार पर दूसरे लोगों को चिकित्सक के पास भेजता है, तभी उसकी चिकित्सा शिक्षा सार्थक मानी जाती है।

 

कुलपति प्रो. वैद्य करतार धीमान राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में आयोजित बीएएमएस के तृतीय बैच के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत में आयोजित आयुर्प्रवेशिका समारोह बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों का आह्वान किया कि डॉक्टर बनने से पहले अच्छे इंसान बनें, तभी चिकित्सा ज्ञान सार्थक होगा।

 

समारोह की शुरुआत हवन के साथ हुई। संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा, एनसीआईएसएम के बोर्ड ऑफ एथिक्स एंड रजिस्ट्रेशन के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कनौजिया एवं डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने मंत्रोच्चारण के बीच हवन में पूर्णाहुति डाली। समारोह के दौरान वाइट कोट सेरेमनी में विद्यार्थियों ने अच्छे चिकित्सक, जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील इंसान बनने का संकल्प लिया।

 

कुलपति प्रो. वैद्य करतार धीमान ने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि आयुर्वेद के सिद्धांतों को पहले स्वयं अपने जीवन में अपनाएं, तभी वे अपने अनुभव के आधार पर मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर सकेंगे। उन्होंने अच्छी संगत, आत्मचिंतन, नियमित दिनचर्या और आत्मअनुशासन को व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताया। विद्यार्थियों को प्रतिदिन दस मिनट आत्मनिरीक्षण करने तथा पुस्तकीय ज्ञान को व्यावहारिक जीवन में उतारने की सलाह दी।

 

समारोह की अध्यक्षता कर रहे संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा ने कहा कि अभिभावकों ने जिस विश्वास के साथ अपने बच्चों को संस्थान को सौंपा है। एनआईए का संकल्प है कि विद्यार्थियों को अच्छे चिकित्सक के साथ बेहतर नागरिक और अच्छा इंसान बनाकर लौटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवेश परीक्षा के अंकों को अपनी प्रतिभा का अंतिम पैमाना नहीं मानना है, बल्कि आयुर्वेद के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने का लक्ष्य तय करना होगा। अच्छा चिकित्सक केवल बीमारी का उपचार नहीं करता, बल्कि मरीज की पीड़ा समझकर उसकी देखभाल भी करता है। मरीज चिकित्सक द्वारा दिए गए उपचार के साथ उसके व्यवहार और संवेदनशीलता को भी याद रखता है। उन्होंने शिक्षकों से नियमित रूप से स्वयं कक्षाएं लेने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

 

एनसीआईएसएम के बोर्ड ऑफ एथिक्स एंड रजिस्ट्रेशन के अध्यक्ष डॉ. सुश्रुत कनौजिया ने कहा कि विद्यार्थियों को आवश्यकता के अनुसार बदलाव करना होगा, क्योंकि गुगल पर हर समस्या का हल है, लेकिन वास्तविकता में चिकित्सक के अनुभव और बेहतर उपचार ही मरीज के लिए सबसे बड़ा निवारण है। ई-फास्ट के दौर में मोबाइल की उपयोगिता के बजाय खुद का लक्ष्य तय करना चाहिए।

 

डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी ने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि अब उन्होंने आयुर्वेद को चुन लिया है, इसलिए वे पूरी लगन व मेहनत के साथ अपना बेहतर करियर बनाएं। एनआईए, जयपुर के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश ने कहा कि आयुर्वेद चिकित्सा भारतीय ज्ञान परपंरा है। वहीं, संस्थान के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवप्रवेशित बीएएमएस विद्यार्थियों ने आयुर्वेद की महान एवं समृद्ध परंपरा में प्रवेश किया है। इस संस्थान से जुड़ने के साथ ही उन्होंने अपने शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय जीवन की एक नई यात्रा प्रारंभ की है।

 

कुलपति प्रो. वैद्य करतार धीमान ने शल्य तंत्र विभाग के गुदा रोग साप्ताहिक जागरूकता शिविर का भी शुभारंभ किया। वहीं, संस्थान में कंज्यूमर फोरम के सहयोग से पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मंच का संचालन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रबोध येरावर व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आकांक्षा राणा ने किया। इस अवसर पर एनआईए उप निदेशक चंदशेखर शर्मा, ट्रांजिशनल करिक्यूलम कमेटी के चेयरमैन प्रोफेसर रवि राव एस सभी सभी विभागों के विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य मौजूद रहे।

 

******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *