पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, जल संरक्षण का भी दिया संदेश

 

रोमी सिंह रमोला न्यूज़

पंचकूला, 16 अप्रैल: खंड पिंजौर के अंतर्गत ग्राम पंचायत गणेशपुर भोरिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण पखवाड़ा के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन पंचकूला की जिला सलाहकार आरजू चौधरी, खंड समन्वयक नरेंद्र मोदगिल तथा सतीश कुमार (पिंजौर) ने भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माताओं एवं बच्चों को पोषण संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने माताओं को संतुलित आहार, बच्चों के समुचित विकास तथा पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी।

जल संरक्षण विषय पर अपने विचार रखते हुए नरेंद्र मोदगिल ने ग्रामीण पुरुषों एवं महिलाओं को जल बचाने तथा उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब उपभोक्ताओं को पीने के पानी के बिल एसएमएस के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने मोबाइल पर प्राप्त संदेशों के माध्यम से बिल की जानकारी लेकर समय पर ऑनलाइन भुगतान करें। उन्होंने गूगल पे, पेटीएम एवं भीम ऐप जैसे डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बिलों का भुगतान किया।

इसके पश्चात बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शंकुतला देवी ने माताओं को बच्चों के मानसिक विकास, उचित पोषण एवं संतुलित आहार में सब्जियों और फलों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में “जल संरक्षण” एवं “पूरा पोषण, देश रोशन” के संदेश के साथ एक जागरूकता रैली भी निकाली गई।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शंकुतला देवी, मीना देवी सहित ग्राम पंचायत गणेशपुर भोरिया के अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

*******

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *