फरीदाबाद : शहर के डबुआ थाना क्षेत्र में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहाँ कार सवार युवकों ने एक बाइक को टक्कर मारने के बाद विरोध जताने पर युवक के साथ जमकर मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले अमित, जो पिछले 12 वर्षों से बड़खल में रह रहे हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। सोमवार रात वह अपने दोस्त के साथ ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में जब वे एक दुकान के पास सामान खरीदने रुके, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। अमित के अनुसार, जब उन्होंने टक्कर मारने का विरोध किया, तो कार सवार सौरव नामक युवक उनसे उलझ गया। देखते ही देखते कार से 3-4 अन्य युवक नीचे उतरे और अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने युवक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
झगड़े और शोर की आवाज सुनकर पास की कंपनी से कुछ कर्मचारी बाहर निकल आए और बीच-बचाव किया। लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
“हमें मामले की शिकायत मिली है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” – देवेंद्र, जांच अधिकारी, डबुआ थाना
