हिसार : हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकने और जीजेयू (GJU) विवाद के बाद अब जननायक जनता पार्टी (JJP) ने एक सनसनीखेज CCTV फुटेज जारी किया है। जजपा नेताओं का आरोप है कि 17 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे CIA इंचार्ज पवन कुमार दलबल के साथ उनके घरों में अवैध रूप से दाखिल हुए। हिसार हलका प्रधान रवि आहुजा ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि CIA इंचार्ज हाथ में लोडेड पिस्टल लेकर उनके घर में घुसे। आहुजा ने कहा, “मैं एक आम व्यापारी हूं, न कोई केस है न एफआईआर, फिर भी आधी रात को पुलिस ऐसे घुसी जैसे मेरा एनकाउंटर करने आई हो।” दुष्यंत चौटाला ने भी इस पोस्ट को शेयर करते हुए हरियाणा सरकार पर सवाल उठाए और पूछा कि बिना किसी मामले के एक नागरिक को सुबह 4 बजे गन पॉइंट पर लेना कहाँ का न्याय है? JJP नेताओं (गौरव सैनी, रविंद्र कुमार, तरुण गोयल, विजेंद्र धानक और जितेंद्र श्योराण) ने सामूहिक रूप से मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को शिकायत भेजी है।
शिकायतों में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं:
दबिश और बदसलूकी: बिना सर्च वारंट या महिला पुलिसकर्मी के सादी वर्दी में घरों में घुसना।
साक्ष्य मिटाना : जबरन घरों की CCTV DVR उखाड़ ले जाना।
महिलाओं-बच्चों से दुर्व्यवहार : परिजनों को हथियार के बल पर धमकाना और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करना।
आंदोलन की राह पर JJP : 27 अप्रैल को महापंचायत
इस विवाद के विरोध में हिसार, कैथल और फतेहाबाद सहित कई जिलों की बार एसोसिएशन ने काम बंद रखा। वहीं, पंचकूला में हुई JJP की बैठक में फैसला लिया गया कि 27 अप्रैल को हिसार में ‘छात्र हित महापंचायत’ आयोजित की जाएगी।
क्या था मामला?
विवाद 16 अप्रैल को GJU में प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ था, जहाँ दिग्विजय चौटाला समेत 9 लोगों पर केस दर्ज किया गया था। इसके बाद 17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला के काफिले को CIA इंचार्ज द्वारा रोके जाने पर विवाद बढ़ा। दोनों पक्षों (दुष्यंत और पुलिस) ने एक-दूसरे के खिलाफ अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी है, जिसकी जाँच के लिए SIT का गठन किया गया है।
