कंडारी में पृथ्वी दिवस पर जल-संरक्षण का प्रेरक एवं अनूठा अभियान

रमोला न्यूज़
नौगांव: पृथ्वी दिवस के पर राजकीय इंटर कालेज कण्डारी, नौगांव के छात्र- छात्राओं द्वारा गांव के एक प्राकृतिक जल स्रोत की सफ़ाई एवं धारा पूजन का सराहनीय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला रहा, बल्कि स्थानीय स्तर पर जल स्रोतों के पुनर्जीवन का प्रेरक उदाहरण भी बना।
इस पहल की नींव कुछ वर्ष पूर्व शिक्षक सुरक्षा रावत के प्रयासों से रखी गई थी, जब बच्चों के साथ मिलकर गांवों में लुप्त होते जल स्रोत के जीर्णोद्धार का कार्य प्रारंभ किया गया। धीरे- धीरे यह प्रयास जनसहभागिता का रूप लेता गया। कण्डारी गांव के मुंबई प्रवासी व्यवसायी सुभाष गौड़ ने भी इस पुनीत कार्य में सहयोग देते हुए अपनी माता स्व. कमला देवी एवं स्व. बालम राम गौड़ की स्मृति में जल स्रोत के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे आज उस स्थल का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश रावत ने अपने संबोधन में बताया कि पृथ्वी दिवस की शुरुआत 22 अप्रैल 1970 को अमेरिका से हुई थी, और तब से हर वर्ष इसे एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता के संरक्षण, जल स्रोतों के महत्व और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि इंदिरा जोशी ने भी छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर कुसुम सेमवाल, सुशील गौड़ एवं अनिल प्रसाद बहुगुणा ने भी स्थानीय पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण विचार में साथ दिया।
कार्यक्रम के संयोजक सुरक्षा रावत ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने “जल, जंगल और ज़मीन” के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” के अनुरूप ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।

इस अभियान को सफल बनाने में गांववासी सोहनलाल की विशेष भूमिका रही। साथ ही छात्र-छात्राओं—रिया, शिवन्या, श्रुति, अंशिका, सिमरन, राधिका, दीक्षा, अलीशा, प्रिया, साक्षी, आयुषी, सत्यम, किशन, अंशुल, शिवांश, आकर्ष, ऋषभ, जय कृष्ण एवं ध्रुव नौटियाल—का उत्साहपूर्ण सहयोग सराहनीय रहा।

विद्यालय के शिक्षक इंदर सिंह नेगी, विशंबर नौटियाल एवं प्रकाश सिंह भण्डारी ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस आयोजन में समस्त विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने इस पहल को एक सफल और प्रेरणादायक स्वरूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *