नौगांव: नगर पालिका क्षेत्र में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘यमुना वैली हाट’ का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल एवं उपजिलाधिकारी बड़कोट वृजेश तिवारी, समाज सेवी डाक्टर कपिल रावत ने संयुक्त रूप से हाट का उद्घाटन कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।
इस हाट के माध्यम से अब पहाड़ी क्षेत्रों में तैयार होने वाले शुद्ध और पारंपरिक उत्पादों को एक सशक्त बाजार मिलेगा। यहां विभिन्न प्रकार के जूस, अचार, चटनी, जैम, चायपत्ती और शुद्ध लाल चावल सहित दो दर्जन से अधिक स्थानीय उत्पाद ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
‘यमुना वैली हाट’ की शुरुआत हिमरोल गांव निवासी युवा उद्यमी जगमोहन सिंह राणा के प्रयासों से संभव हो पाई है। इससे पहले उनके उत्पाद हिमरोल और नौगांव क्षेत्र में उपलब्ध थे, जबकि अब बड़कोट में भी स्थायी दुकान खुलने से स्थानीय उत्पादों की पहुंच और बढ़ेगी।
जगमोहन राणा ने बताया कि सभी उत्पाद पारंपरिक तरीके से घर पर ही तैयार किए जाते हैं, जिससे उनकी गुणवत्ता और शुद्धता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य स्थानीय किसानों और उत्पादकों को सीधे बाजार से जोड़ना और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
गौरतलब है कि जगमोहन राणा स्वरोजगार, बागवानी और खेती के क्षेत्र में लगातार सफल प्रयास कर रहे हैं। उनके स्वर्गीय पिता भरत राणा ‘किसान पंडित’ के नाम से प्रसिद्ध रहे हैं, वहीं जगमोहन राणा आज ‘किसान भूषण’ के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। एमए, बीएड शिक्षित जगमोहन राज्यभर में आयोजित विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में अपने स्थानीय उत्पादों के माध्यम से विशेष पहचान बना चुके हैं। उद्घाटन से पुर्व पंडित शशीमोहन डोभाल की ओर से पुजा अर्चना की गई।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. कपिल देव रावत, पंडित शशी मोहन डोभाल, जेपी नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के आर्थिक विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
