अंबाला में एसटीएफ का बड़ा एक्शन : रोहित गोदारा गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, टली बड़ी टारगेट किलिंग

अंबाला (हरियाणा) : हरियाणा एसटीएफ (STF) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो शार्प शूटरों को सोमवार को अंबाला कैंट से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शूटर अंबाला या उसके आसपास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए ‘टारगेट’ का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से विदेशी मार्का वाली पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक अंबाला कैंट की शास्त्री कॉलोनी के पास नेशनल हाईवे-44 पर किसी बड़े हमले की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर आगरा निवासी भूपेंद्र सिंह उर्फ थापा और राजस्थान के भरतपुर निवासी नितिन उर्फ जट्टा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक विदेशी मार्का देशी पिस्टल, दो मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। शूटरों ने बताया कि उन्हें गैंगस्टर रोहित गोदारा और उसके करीबियों—कानेर निवासी जेपी, जयपुर निवासी देवेंद्र और वीरेंद्र चारण ने हथियार मुहैया कराकर अंबाला भेजा था। इन्हें निर्देश दिए गए थे कि अंबाला पहुंचने के बाद सिग्नल मिलते ही टारगेट पर हमला करना है। एसटीएफ की मुस्तैदी से एक संभावित सनसनीखेज हत्या टल गई है।

पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध (BNS की धाराएं) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अंबाला में इनका स्थानीय मददगार कौन था और इनके निशाने पर कौन सा वीआईपी या व्यापारी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *