कंडाऊ गांव में रुद्रेश्वर महाराज का भंडारदा मेला संपन्न

तिलक चंद रमोला नौगांव : नौगांव-पुरोला विकासखंड के 65 गांवों के आराध्य देव रुद्रेश्वर महादेव का पारंपरिक भंडारदा मेला शनिवार को कंडाऊ (रस्टाड़ी) गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद देवता के पश्वा अमन सेमवाल पर देवता अवतरित हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इसके बाद रुद्रेश्वर महादेव की डोली वर्षभर के लिए कंडाऊ थान के गर्भगृह में विराजमान हो गई। अब आगामी एक वर्ष तक यहीं देवता की नियमित पूजा-अर्चना की जाएगी।
मेले में नौगांव, पुरोला समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और अपने ईष्ट को चावल, चुनरी, श्रीफल सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। इस दौरान रवांई की पारंपरिक हारुल की प्रस्तुतियों ने मेले में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालु देर तक हारुल की धुन पर झूमते नजर आए।

जर्जर सड़कों से श्रद्धालु परेशान

मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं को नौगांव-स्योरी और किम्मी-रस्टाड़ी मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। जगह-जगह सड़क खराब होने से छोटे वाहन फंसते रहे और श्रद्धालुओं को पैदल आवाजाही करनी पड़ी। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से दोनों मोटर मार्गों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।

30 जून को तियां थान से निकली थी डोली

गौरतलब है कि रुद्रेश्वर महादेव की डोली 30 जून को तियां थान से विभिन्न गांवों के भ्रमण के लिए निकली थी। निर्धारित धार्मिक परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों का निर्वहन करने के बाद शनिवार को देवता ने वर्षभर के लिए कंडाऊ थान के गर्भगृह में प्रवेश किया। रुद्रेश्वर महादेव के चार प्रमुख थान देवलसारी, कंडाऊ, तियां और बजलाड़ी हैं। परंपरा के अनुसार इन थानों में बारी-बारी से देवता का भंडारदा होता है।
इस अवसर पर मंदिर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष जगमोहन सिंह परमार, जिला पंचायत सदस्य विजय प्रकाश बंधानी, कंडाऊ थान अध्यक्ष फुलक सिंह, देवलसारी के जयवीर परमार, देवता के पश्वा अमन सेमवाल, अमित, संकेत, प्रमोद, अनिल, सुनील, ग्राम प्रधान मीरा डोभाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेशा राणा, महिमानंद, दीवान सिंह, जेपी नौटियाल, सुमन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *