कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने जनसभाओं में मांगा समर्थन, कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील।

 

कोमल रमोला /रमोला न्यूज़

पंचकूला: पंचकूला नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं और सभी प्रत्याशी पूरे उत्साह के साथ जनसंपर्क एवं प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

प्रचार अभियान के दौरान सुधा भारद्वाज ने सेक्टर-12 में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने नड्डा क्षेत्र में सभा को संबोधित किया तथा सेक्टर-21, वार्ड नंबर-15 में आयोजित जनसभाओं में हिस्सा लिया। इन सभाओं में भारी संख्या में लोग पहुंचे और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जनसभाओं को संबोधित करते हुए सुधा भारद्वाज ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में शहर की स्थिति जनता के सामने है। स्वच्छता व्यवस्था चरमराई हुई है, सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हुई है, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासी मौजूदा सरकार से निराश हो चुके हैं और अब बदलाव चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि पंचकूला में कांग्रेस के पक्ष में मजबूत माहौल बन चुका है और जनता पूरे मन से कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला कर चुकी है।

सुधा भारद्वाज ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें, ताकि पंचकूला को एक विकसित, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त शहर बनाया जा सके तथा नागरिक चैन और सम्मान के साथ जीवन जी सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *