कोमल रमोला /रमोला न्यूज़
पंचकूला: वार्ड नंबर 14, पंचकूला के अंतर्गत आने वाले गांव महेशपुर में आज कांग्रेस प्रत्याशी पीयूष गौतम ने अपने समर्थकों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में गांव के स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को खुला समर्थन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी द्वारा गांव के दो मंदिरों को तोड़े जाने की घटना से वे बेहद आहत और नाराज हैं। इस घटना के कारण गांव में रोष का माहौल है और लोग इसका जवाब नगर निगम चुनाव में देने का मन बना चुके हैं।
गांव महेशपुर के लोगों ने एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार पीयूष गौतम को विजयी बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार वे बदलाव के पक्ष में मतदान करेंगे और विकास तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।
पीयूष गौतम ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
