*मौसम की स्थिति के चलते सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के दिए निर्देश*

जसपाल सिंह/रमोला न्यूज
उत्तरकाशी-जिले के दोनों धामों यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के लिए यात्रा पूरी आस्था और भक्ति के साथ सुगम व सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है, अब तक 2 लाख 12 हजार से अधिक श्रद्धालु दोनों धामों में दर्शन कर चुके हैं और यात्रियों के आवागमन का क्रम अनवरत जारी है, यात्रा व्यवस्थाओं को श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने तथा आगामी दिनों में मौसम की स्थिति और बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य नें वीसी के माध्यम से अधिकारियों के साथ यात्रा संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, बैठक के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नें अवगत कराया कि यात्रा कंट्रोल रूम को अब तक कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें से 28 का सफलतापूर्वक निस्तारण कर दिया गया है तथा शेष शिकायतों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही करने हेतु अवगत कराया गया है।

जिलाधिकारी नें स्पष्ट निर्देश दिए कि तीर्थयात्रियों से जुड़ी किसी भी शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए और प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित हो, उन्होंने यात्रा के सुपर नोडल अधिकारियों सीडीओ व एडीएम और यात्रा मार्गों पर तैनात नोडल अधिकारियों से व्यवस्थाओं का ग्राउंड फीडबैक भी लिया, यात्रा मार्गों और धाम परिसरों में साफ-सफाई की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई, इसके संबंध में जिला पंचायत पर जुर्माना लगाने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, साथ ही एएमए जिला पंचायत को तत्काल कूड़ा वाहन की व्यवस्था करने और कूड़े के निस्तारण हेतु उत्तरकाशी व बड़कोट की डंपिंग साइट का उपयोग करने के निर्देश दिए, उन्होंनें शौचालयों की नियमित स्वच्छता पर विशेष जोर दिया तथा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी नें गंगोत्री धाम मार्ग के सोनगाड क्षेत्र में नदी की ओर रिफ्लेक्टर लगाने और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नें स्पष्ट किया कि आगामी दिनों में खराब मौसम और बारिश की संभावना के दृष्टिगत सभी अधिकारी अलर्ट मोड में रहें, उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ सफाई और यातायात व्यवस्था के कड़े प्रबंध रखे जाएं ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो, इस दौरान सीडीओ जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र, एडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी, एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीओ बड़कोट चंचल शर्मा सहित यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *