रमोला न्यूज़
नौगांव : क्षेत्र की महिला शक्ति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 10 मई 2026 को नौगांव में महिला मंगल दलों को सामूहिक आयोजनों हेतु सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक दुर्गेश्वर लाल अपनी विधायक निधि से तृतीय चरण के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों की महिला मंगल दलों को सामग्री प्रदान करेंगे।
यह कार्यक्रम पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस नौगांव में आयोजित होगा, जिसमें विकासखंड नौगांव की 22 तथा विकासखंड पुरोला की 4 ग्राम पंचायतों की महिला मंगल दल प्रतिभाग करेंगी।
नौगांव विकासखंड से तेड़ा, कंसोला, पलेठा, मंजीयाली, सुनारा, बगासू, कुणी, गैर-बनाल, कृष्ना, कोटियालगांव, खांसी, भाटिया, तुनाल्का, भाटिया प्रथम, गडोली, ईड़क, कुड़, ब्याली, गोना, बिगराड़ी, काण्डा और कोटला ग्राम पंचायतें शामिल हैं। वहीं पुरोला विकासखंड से सर बडियार, पौंटी बडियार, सांखाल और किमडार ग्राम पंचायतों की महिला मंगल दलों को सामग्री वितरित की जाएगी।
आयोजकों की ओर से सभी महिला मंगल दलों से अनुरोध किया गया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 12 महिला सदस्य कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।
कार्यक्रम संबंधी सूचना विधायक के निजी सचिव उमेंद्र आर्य द्वारा जारी की गई है।
