रमोला न्यूज नौगांव: पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज कलोगी में आयोजित सात दिवसीय ग्रीष्मकालीन समर कैंप विभिन्न रचनात्मक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कैंप प्रभारी जनार्दन प्रसाद ने बताया कि सात दिनों तक छात्र-छात्राओं के लिए खेलकूद, भाषण, निबंध, चित्रकला, सामान्य ज्ञान, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। सभी गतिविधियों में प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के आधार पर पुरस्कृत किया गया।
उन्होंने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन, सहयोग और आत्मविश्वास की भावना का विकास करना है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ गतिविधियों में भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन सह प्रभारी एवं गणित प्रवक्ता राजवीर रावत ने किया। इस अवसर पर रमेश इंदवाण, सीताराम डोभाल तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामचंद्र थपलियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश, आदित्य नौटियाल, सुमन प्रसाद थपलियाल सहित अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभिन्न गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ सात दिवसीय समर कैंप
