तिलक चंद रमोला न्यूज नौगांव: उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र की सीगतूर पट्टी के इष्ट देव कौंल केदारी महाराज एवं भैंसर देवता के मंदिर, सालरा गांव में आयोजित तीन दिवसीय पुजोला पर्व एवं ध्याणी मिलन समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ध्याणियां (बेटियां) मंदिर परिसर में पहुंचीं।
टौंस घाटी के देवदार, बांज और बुरांश के घने जंगलों के बीच स्थित कौंल केदारी महाराज की तपोस्थली सालरा गांव में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में मोरी क्षेत्र के मोताड़, बंदाऊ, राजू गांव सहित आराकोट बंगाण के मासमोर, पींगल, सीगतूर, पंचगाईं, अडोर और बड़ासू पट्टियों के विभिन्न गांवों में ब्याही सालरा की ध्याणियों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान ध्याणियों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कौंल केदारी महाराज एवं भैंसर देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने देवता को सोने की माला, चांदी के आभूषण तथा चांदी का डोरिया भेंट किया। ध्याणियों ने अपने मायके और क्षेत्र की उन्नति के लिए मन्नतें मांगी तथा देव आशीर्वाद प्राप्त किया।
तीन दिवसीय पुजोला पर्व के समापन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश लाल ने विशाल भंडारे की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बदाऊं-सालरा मोटर मार्ग के डामरीकरण, मोबाइल कनेक्टिविटी में सुधार तथा गांव में सुलभ शौचालय निर्माण की मांग रखी। विधायक ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व विधायक मालचंद सहित जगत चौहान, रणदेव राणा, कृपाल राणा, जयराम चौहान, खजान सिंह, प्रताप सिंह, सुमन रावत, जयचंद रावत, सुभाष रावत, भूपेंद्र रावत, सूरज रावत, गुड्डू जनक सिंह, भगत रावत, उमेंद्र आष्टा, कर्मचंद, सुरेंद्र देवजानी और दर्शन रावत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
