रमोला न्यूज नौगांव: “मिशन ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान क्रम में लाखामंडल पुलिस चौकी द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत शिव मंदिर लाखामंडल परिसर में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों तथा स्कूलों के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान “Say Yes to Life, No to Drugs” अभियान के तहत सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
चौकी इंचार्ज नवीन खन्ना ने उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश भाटिया, पुर्व मंडल उपाध्यक्ष बचना शर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही भारत का भविष्य है। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों में लगाएं।
बचना शर्मा ने कहा कि नशा छोड़ना कमजोरी नहीं बल्कि सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोगों को सरकार की ओर से संचालित नशा मुक्ति हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर सहायता लेने की अपील की।
उन्होंने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। साथ ही युवाओं से महिलाओं के सम्मान को अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बीना भट्ट, आशा कार्यकर्ता सरोज बहुगुणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश भाटिया, कुंवर सिंह, पंडित केशव शर्मा, ताजी राम बहुगुणा, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष बचना शर्मा, डायरेक्टर डब्लू आर्य, लोक गायक बाबूराम शर्मा, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाना और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
