गढ़ भोज गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित हुईं रवांई रसोई की संचालिका जमुना रावत

 

तिलक चंद रमोला नौगांव: रवांई क्षेत्र की पारंपरिक खानपान संस्कृति को नई पहचान दिलाने वाली “रवांई रसोई” की संचालिका श्रीमती जमुना रावत को जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के दो दिवसीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में गढ़ भोज गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें उत्तराखंड की पारंपरिक पाक संस्कृति, विशेषकर रवांई क्षेत्र के स्थानीय व्यंजनों को संरक्षित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित किया।

वर्षों से जमुना रावत स्थानीय अनाज, पारंपरिक व्यंजनों और पहाड़ी खानपान की समृद्ध विरासत को लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। “रवांई रसोई” के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान दिलाई है, जिससे स्थानीय खाद्य संस्कृति को बढ़ावा मिला है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में पारंपरिक खानपान और स्थानीय व्यंजनों को संरक्षित रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। जमुना रावत द्वारा किए जा रहे प्रयास न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का कार्य कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को व्यापक मंच भी प्रदान कर रहे हैं।

सम्मान प्राप्त करने पर जमुना रावत ने इसे पूरे रवांई क्षेत्र की महिलाओं, किसानों और पारंपरिक खाद्य संस्कृति से जुड़े लोगों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास भविष्य में भी उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को देश-विदेश तक पहुंचाने का रहेगा।

क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए इसे रवांई क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *