जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के दो दिवसीय अधिवेशन में पत्रकार हितों, सुशासन और सामाजिक सरोकारों पर मंथन

 

रमोला न्यूज नौगांव: जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के तत्वावधान में बड़कोट में आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में पत्रकारिता, सुशासन और समाज सेवा के विभिन्न आयामों पर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में जनपद के पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अधिवेशन में “चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका” विषय पर सारगर्भित चर्चा हुई, जिसमें पत्रकारों ने यात्रा के दौरान मीडिया की जिम्मेदारियों, चुनौतियों और समाज में उसकी सकारात्मक भूमिका पर अपने विचार रखे।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर समाज में प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए।

चारधाम यात्रा के सफल संचालन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय को उत्कृष्ट सुशासन गौरव सम्मान-2026 प्रदान किया गया। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से जनपद में उल्लेखनीय सेवाएं देने पर जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा को उत्कृष्ट सेवा गौरव सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार सूरत सिंह रावत, राधाकृष्ण उनियाल, सुरेंद्र भट्ट, श्रीमती रमा भट्ट, डॉ. रामचन्द्र उनियाल तथा दिनेश रावत को देवऋषि नारद गौरव सेवा सम्मान-2026 से सम्मानित कर जिला पत्रकार संघ ने एक नई परंपरा का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा और दशा देने वाले महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उन्होंने जिला पत्रकार संघ की एकजुटता और पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने पत्रकारों से तथ्यपरक एवं संतुलित पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व सभी पक्षों की बात को प्रमुखता दी जानी चाहिए। उन्होंने जनपद के प्रेस क्लबों एवं यमुनोत्री प्रेस क्लब को उत्तरांचल प्रेस क्लब से संबद्ध किए जाने की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन भी दिया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि पत्रकार प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। वे प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर कमियों को उजागर करने के साथ-साथ सुधार के सुझाव भी देते हैं। उन्होंने जनहित और समाजहित में सकारात्मक पत्रकारिता को समय की आवश्यकता बताया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और जनता उनकी खबरों पर भरोसा करती है। इसलिए पत्रकारों को निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं तथ्याधारित पत्रकारिता को प्राथमिकता देनी चाहिए तथा अफवाहों और भ्रामक खबरों से बचना चाहिए।

जिला पत्रकार संघ (ट्रस्ट) के अध्यक्ष सुनील थपलियाल ने अपने संबोधन में पत्रकारों के हितों एवं उनकी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों पत्रकारों ने सहभागिता की। अधिवेशन ने पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और पत्रकार हितों के संरक्षण को लेकर सार्थक संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *