अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चण्डीगढ़ : केंद्र में एनडीए गठबंधन में शामिल घटक दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) की तरफ से आज चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई जिसमें पंजाब में आने वाले विधानसभा चुनावों में एनडीए के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एके बाजपेई ने उक्त ऐलान करते हुए बताया कि पंजाब में आप पार्टी के भगवंत मान की सरकार अपना कोई भी वायदा पूरा नहीं कर पाई, जो उन्होंने पीछे विधानसभा चुनावों से पूर्व पंजाब की जनता से किए थे।
प्रेस वार्ता में उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पृथ्वीराज यादव, पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष देविंदर सिंह, महासचिव हरप्रीत सिंह शेरगिल, उपाध्यक्ष अविनाश सोनी, संजय व जगतार, कोषाध्यक्ष प्रकाश मौर्य के साथ-साथ यूपी में पार्टी के प्रधान राम सिंह राणा, दिल्ली प्रदेश के प्रधान हरि प्रकाश, रूपनगर के जिला अध्यक्ष संजीव कुमार शर्मा, पंजाब के दोआबा क्षेत्र के अध्यक्ष रविंदर भाटिया के अलावा पार्टी की कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन मनजिंदर सिंह चीमा आदि भी मौजूद रहे।
एके बाजपेई ने कहा कि कई लाख-करोड़ का कर्ज आज पंजाब के ऊपर हो चुका है, मगर भगवंत मान की सरकार केवल विज्ञापनबाजी की सरकार बन कर रह गई है। न तो वे वायदे के मुताबिक नशा ही खत्म कर पाए और ना ही प्रदेश की आम जनता से लेकर किसानों तक को आ रही मुश्किलों का कोई हल निकाल पाई।
उन्होंने कहा कि इन सब मौजूदा हालातों को देखते हुए उनकी पार्टी ने फैसला किया है कि वे पंजाब में एनडीए के साथ मिल कर डब्बल इंजन की सरकार बनाएंगे।
दिल्ली में चल रहे काक्रोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए ही दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को वहां से हटा कर हॉस्पिटल भेजा था क्योंकि उनकी तबीयत खराब हो रही थी और इसे देखते हुए ही कोर्ट ने आदेश जारी किए थे।
बाजपेई ने कहा कि जब नीट की परीक्षा दुबारा से सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी है व परिणाम भी घोषित हो चुके हैं, तो फिर अब कोई प्रदर्शन करने की कोई वजह नहीं बनती।
