कालका उपमंडल के गावों में अवैध खनन गतिविधियोंको लेकर उपायुक्त ने अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा ऐसे वाहनों को तुरंत जब्त करने के निर्देश दिए। 

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ )

कालका, 28 जुलाई 

कालका उपमंडल के गावों में अवैध खनन गतिविधियोंको लेकर उपायुक्त पंचकूला ने अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा ऐसे वाहनों को तुरंत जब्त करने के निर्देश दिए।  उन्होंने कहा कि मानसून अवधि के दौरान 1 जुलाई से 15 सितंबर तक खनन गतिविधियां बंद रहेंगी। ऐसे में सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इस अवधि के दौरान जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन न हो। अवैध खनन स्थलों पर नाकों की संख्या बढ़ाने तथा वहां रोटेशन के आधार पर चौबीसों घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कालका उपमंडल के बुर्जकोटिया, जबरोट, दीवानवाला, बसौला, पपलोहा, नानकपुर, चरणीया, महताब माजरा, कीर्तपुर, कर्मपुर, नवानगर और रामपुर जंगी तथा पंचकूला उपमंडल के रत्तेवाली, खेतपराली, रामपुर, काजमपुर, हरिपुर, खेड़ी बड़ौना, हंगोली, बतौड़, मौली, टोडा, नटवाल और रिहोड़ क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

उन्होंने खनन विभाग को निर्देश दिए कि खनन गतिविधियां पुनः शुरू होने के बाद यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही हों। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला माइनिंग अधिकारी अनिल कुमार ने बताया गया कि अप्रैल 2026 से अब तक अवैध खनन में संलिप्त 112 वाहनों को जब्त किया गया है। इस दौरान 56 लाख 84 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा 40 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके अतिरिक्त, अंतरराज्यीय ट्रांजिट पास के बिना संचालित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अगस्त 2025 से अब तक 108 वाहन जब्त किए गए हैं और 24 लाख 65 हजार 440 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

बैठक में एसडीएम कालका संयम गर्ग, जिला वन मंडल अधिकारी (पिंजौर) विशाल कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, डीईटीसी (सेल्स टैक्स) हनिश गुप्ता, एसएचओ सतीश कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यकारी अभियंता दीपक मेहरा, सिविल सर्जन कार्यालय से डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. संदीप जैन, लेबर इंस्पेक्टर तेजबीर सिंह, आरटीए कार्यालय से टीआई रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *