विधानसभा महिला सशक्तिकरण समिति की समीक्षा बैठक शक्ति रानी शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न

 

 

  पवन चोपड़ा / रमोला न्यूज़ ब्यूरो

चंडीगढ़ :        हरियाणा विधानसभा की महिला सशक्तिकरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पंचकूला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति की चेयरपर्सन एवं भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा ने की। बैठक में विधायक सावित्री जिंदल, सतीश कुमार फागना, शैली चौधरी, गीता भुक्कल, पूजा चौधरी (मुलाना) सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान महिला सुरक्षा, महिला कल्याण योजनाओं तथा सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने पंचकूला पुलिस और जिला प्रशासन से महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों, सुरक्षा व्यवस्था और संचालित योजनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी। बैठक में उपायुक्त सतपाल शर्मा, डीसीपी अदिति सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

महिला थाना, वन स्टॉप सेंटर और महिला अस्पताल का किया निरीक्षण

बैठक के बाद समिति के सदस्यों ने महिला थाना पंचकूला, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और सहायता तंत्र का जायजा लिया गया। समिति ने अधिकारियों को आवश्यक सुधारों के लिए सुझाव भी दिए।

सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट रोकने की विधानसभा में उठेगी मांग

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में समिति की चेयरपर्सन शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ते अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट का युवाओं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर समिति अपनी रिपोर्ट हरियाणा विधानसभा में पेश करेगी और ऐसे कंटेंट पर प्रभावी रोक लगाने की मांग करेगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

गीता भुक्कल ने भी अश्लील सामग्री पर जताई चिंता

समिति की सदस्य एवं कांग्रेस विधायक तथा पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने भी सोशल मीडिया पर बढ़ते अश्लील कंटेंट पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज और विशेष रूप से युवाओं के हित में ऐसे कंटेंट पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। उन्होंने समिति की इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इस दिशा में ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।

परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा की मांग

लोकसभा में पेश परीक्षा संशोधन विधेयक पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल ने कहा कि इस विधेयक पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उनका कहना था कि केवल कानून बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में व्यापक और प्रभावी सुधार भी आवश्यक हैं ताकि विद्यार्थियों का विश्वास मजबूत हो।

छात्र आंदोलनों के मामलों को वापस लेने की मांग

गीता भुक्कल ने छात्र आंदोलनों के दौरान विद्यार्थियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल से किया जाना चाहिए तथा उनके भविष्य को प्रभावित करने वाले मामलों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *