विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 29 जुलाई अग्रवाल वैश्य समाज महिला इकाई, पंचकूला द्वारा सावन के पावन अवसर पर 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को अग्रवाल भवन, सेक्टर-16, पंचकूला में भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाकर भारतीय संस्कृति, पारंपरिक तीज उत्सव और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है।
अग्रवाल वैश्य समाज महिला इकाई, पंचकूला की जिला अध्यक्ष प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष तीज महोत्सव को विशेष और यादगार बनाने के लिए कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रत्येक महिला का पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही मनोरंजक खेल, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, तीज क्वीन प्रतियोगिता, सावन हौजी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खुला मंच, डांस एवं मस्ती, झूले और फोटोग्राफी जैसे अनेक आकर्षण महिलाओं के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में एक विशेष सरप्राइज एक्टिविटी भी आयोजित की जाएगी, जिसका खुलासा कार्यक्रम स्थल पर ही किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक प्रतिभागी महिला को रिटर्न गिफ्ट दिया जाएगा तथा सभी के लिए स्वादिष्ट भोजन की भी विशेष व्यवस्था रहेगी।
प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल महिलाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, ताकि सभी बहनें और सखियां बिना किसी संकोच के पूरे उत्साह के साथ सावन के इस पर्व का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि अग्रवाल भवन, सेक्टर-16 का विशाल और सुंदर सभागार सभी महिलाओं को एक साथ उत्सव मनाने का अवसर प्रदान करेगा, जहां “ना कोई छोटा, ना कोई बड़ा, सभी मिलकर तीज मनाएं और सावन के गीत गाएं” की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रो. डॉ. साधना अग्रवाल ने पंचकूला की सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार की महिलाओं, मित्रों और सखियों के साथ इस भव्य तीज महोत्सव में शामिल होकर सावन की खुशियों को यादगार बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन महिलाओं के लिए मनोरंजन, संस्कृति, आत्मीयता और आपसी मेल-मिलाप का एक अविस्मरणीय उत्सव सिद्ध होगा
