रमोला न्यूज नौगांव : महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती पर राजकीय इंटर कॉलेज कण्डारी में उनकी कालजयी कहानी ‘ईदगाह’ पर आधारित नाटक ‘अनमोल उपहार’ का प्रभावशाली मंचन किया गया। विद्यार्थियों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया और कार्यक्रम में साहित्य तथा मानवीय मूल्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। शिक्षक रादेश सिंह एवं अनिल बहुगुणा ने विद्यार्थियों को प्रेमचंद के जीवन, साहित्य और उनकी प्रमुख रचनाओं से परिचित कराया। प्रधानाचार्य नरेश रावत ने विद्यार्थियों से प्रेमचंद के साहित्य का अध्ययन कर उनके मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘अनमोल उपहार’ रहा। हामिद की भूमिका में कक्षा छह के शिवांश तथा दादी की भूमिका में कक्षा आठ की खुशी ने शानदार अभिनय कर खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा अक्षत गौड़, लवंश, प्रेरित, दिव्या, प्रिया, किरण, नव्या, शिवन्या, श्रुति, अंशुल, सौरभ, सृष्टि, सिमरन, दीक्षा, वेदांश, सिद्धार्थ, सार्थक, प्रिंस और आरभ सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी प्रभावशाली अभिनय किया।
नाटक के सफल मंचन में कक्षा नौ की छात्राओं आरुषि, अलीशा, आरती, अंशिका, कनिका, नव्या, सिमरन, सोनाक्षी और तन्वी के साथ शिक्षक राजेश एवं बिशंवर प्रसाद नौटियाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम का निर्देशन शिक्षक सुरक्षा रावत ने किया। उन्होंने कहा कि कहानियों का नाट्य रूपांतरण बच्चों में रचनात्मकता, भाषा कौशल, आत्मविश्वास, सहयोग और जीवन-मूल्यों के विकास का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विद्यालयों में साहित्य को केवल पढ़ाया ही नहीं, बल्कि मंचन के माध्यम से जीवंत अनुभव के रूप में भी प्रस्तुत किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी भारतीय साहित्य और संस्कृति से गहराई से जुड़ सकें।

