नौगांव: दौलतराम रंवाल्टा राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। प्रतियोगिता में न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य तुनाल्का वार्ड विजय प्रकाश बंधानी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
खंड शिक्षाधिकारी शौरव पांडे और प्रधानाचार्य रीना रावत तथा राजकीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष अवतार सिंह चौहान ने कहा कि छात्र-छात्राओं में आगे बढ़ने की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रियांशी प्रथम और अंजली द्वितीय रहीं। 200 मीटर में काजल प्रथम और स्नेहा द्वितीय तथा 400 मीटर में स्नेहा प्रथम और हिमांशी द्वितीय रहीं।
अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनूप बुटोला प्रथम और विकास द्वितीय, 200 मीटर में प्रियांशू प्रथम और सुजल राणा द्वितीय तथा 400 मीटर में शिवम चौहान प्रथम और सचिन द्वितीय रहे। 800 मीटर में शिवम प्रथम और रोहित द्वितीय, 3000 मीटर में नितिन रावत प्रथम और आयुष राणा द्वितीय तथा 5000 मीटर में नितिन प्रथम और रोहित पंवार द्वितीय रहे।
लंबी कूद में रोहित कुमार प्रथम और आरूष रावत द्वितीय, ऊंची कूद में लक्की राणा प्रथम और आयुष पंवार द्वितीय रहे। चक्का फेंक में विवेक प्रथम और प्रियांशू पंवार द्वितीय, गोला फेंक में अनूप बुटोला प्रथम और अंशुल द्वितीय तथा भाला फेंक में अंशुल राणा प्रथम और राहुल शाह द्वितीय रहे।
अंडर-14 बालक वर्ग कबड्डी में धन्वंतरी पब्लिक स्कूल नौगांव विजेता और राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव उपविजेता रहा। अंडर-19 बालक वर्ग कबड्डी में राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव ने प्रथम और सरस्वती इंटर कॉलेज नौगांव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव विजेता रहा। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग खो-खो में राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव विजेता, संबंधित टीम उपविजेता और बाल विद्या मंदिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी अवतार चौहान, प्रधान सुनारा धीरेंद्र राणा, ग्राम प्रधान मंजियाली द्रवीड़ कोहली, सीएल राज, प्रताप सिंह राणा, शूरवीर सिंह, सुनील कोहली, मनोरमा, अंकित सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी अधिकारी प्रमोद रावत ने किया।

