रमोला न्यूज़ ब्यूरो
नौगांव : यमुना घाटी के युवाओं तक स्मैक पहुंचाने के आरोप में वांछित चल रही मेराज उर्फ मेहराज उर्फ ‘भाभी’ को पुरोला पुलिस ने देहरादून के सहसपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित महिला लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थी और उसके विरुद्ध देहरादून, बड़कोट तथा उत्तरकाशी में एनडीपीएस एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 मई 2026 को पुरोला पुलिस ने डामटा बैरियर के पास हिमांशु बहुगुणा और अनिल कुमार को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों के विरुद्ध थाना पुरोला में मुकदमा अपराध संख्या 17/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ की तो यमुना घाटी में स्मैक पहुंचाने वाले नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पूछताछ और जांच में सहसपुर, देहरादून निवासी मेराज उर्फ मेहराज उर्फ ‘भाभी’ का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार मेराज देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से यमुना घाटी में स्मैक की आपूर्ति कराती थी।
पुलिस ने इस मामले में लगातार साक्ष्य जुटाए और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए रविवार 13 सितंबर को पुरोला पुलिस की टीम सहसपुर पहुंची। टीम ने खुशहालपुर से मेराज उर्फ मेहराज को दोपहर करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के विरुद्ध थाना पुरोला में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 17/2026 में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक मेराज के विरुद्ध वर्ष 2017 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार मेराज उर्फ मेहराज के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 62/2017 धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट, 21/2018 व 179/2018 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट, 312/2018 गुंडा एक्ट, 63/2019 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट, 318/2019 धारा 323, 504, 506 आइपीसी, 373/2022 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, 246/2023 धारा 504, 506 आइपीसी, 03/2025 धारा 8/21/27(ए)/29 एनडीपीएस एक्ट तथा 17/2026 धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
अन्य लोगों की भी खंगाली जा रही कुंडली
पुरोला पुलिस अब मेराज उर्फ ‘भाभी’ के साथ स्मैक के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यमुना घाटी में उससे स्मैक खरीदने वाले लोगों और युवाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नौगांव भूपेंद्र सिंह रावत, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल रिंकी शामिल रहे।

