विक्रांत शर्मा ब्यूरो/रमोला न्यूज़/पंचकूला:- पंचकूला पुलिस द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से लगातार शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अपने साथियों को भी नशे के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सुरजपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक की टीम पिंजौर के मढ़ावाला क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूल में पहुंची, जहां पुलिस कर्मचारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह के अनुसार विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने के संबंध में जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। पुलिस कर्मचारियों ने छात्रों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। विद्यार्थियों को अपने आसपास नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा नशे से संबंधित विभिन्न सवाल पुलिस टीम के समक्ष रखे। पुलिस कर्मचारियों ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल एवं तथ्यात्मक तरीके से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को दूर किया।

