नशामुक्त युवा और हरित भविष्य के संकल्प के साथ सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम आयोजित

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

कालका 22सितंबर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा की भावना को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कालका और पंचकूला में आयोजित कार्यक्रमों में कालका की लोकप्रिय विधायक शक्तिरानी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान कालका में आयोजित नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया, वहीं पंचकूला में वृक्षारोपण अभियान में शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अरुणा आसफ अली पीजी गवर्नमेंट कॉलेज, कालका में आयोजित नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधायक शक्तिरानी शर्मा ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा, युवा केवल देश का भविष्य नहीं हैं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। हमारे युवाओं के सपने बड़े हैं और उनकी प्रतिभा, मेहनत एवं क्षमता किसी भी नशे से कहीं अधिक शक्तिशाली है। उन्होंने युवाओं से नशे की जगह खेल, शिक्षा, हुनर और अपने सपनों को चुनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति से केवल उसका स्वास्थ्य ही नहीं छीनता, बल्कि उसके आत्मविश्वास, क्षमता, रिश्तों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देना आवश्यक है। परिवार, शिक्षक, युवा और सामाजिक संस्थाएं मिलकर युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

शक्तिरानी शर्मा ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जाना चाहिए।

इसके पश्चात विधायक शक्तिरानी शर्मा ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-25, पंचकूला में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नशामुक्त युवा मजबूत राष्ट्र की नींव हैं, उसी प्रकार स्वच्छ और हरा-भरा पर्यावरण स्वस्थ समाज के लिए आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

विधायक ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ समाज की आवश्यकताओं को समझना, लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना है। नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर भविष्य तैयार कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा, विकसित भारत और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प तभी मजबूत होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें भागीदारी करे। उन्होंने सभी से सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी शर्मा,भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *