पंजाब को नशा मुक्त करने की भगवंत मान की डेडलाइन ही डेड: शिवराज चौहान

 

संदीप जॉन/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो

तलवंडी साबो : 18 सितंबर
मुख्यमंत्री भगवंत मान की पंजाब से नशा खत्म करने की डेडलाइन डेड हो चुकी है*। इस सरकार के जितने दिन बचे हैं, उसमें नशा माफिया को संरक्षण देना छोड़कर उसके खिलाफ काम करना चाहिए। ये शब्द केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हैं। वे तलवंडी साबो में भारती जनता पार्टी की नशा मुक्त पंजाब की चौथी यात्रा को रवाना करने से पहले जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस रैली से पहले उन्होंने तख्त श्री दमदमा साहिब में पंजाब की नशा मुक्ति के लिए अरदास की। जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब मामलों के प्रभारी सतीश पूनिया, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़, राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, महासचिव अनिल सरीन, और अन्य पार्टी नेताओं के साथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई।

पंजाब सरकार द्वारा नशा खत्म करने के किए गए दावों पर सवाल उठाते हुए चौहान ने कहा कि ‘आप’ ने पंजाब को नशे से तबाही के कगार पर खड़ा करने का पाप किया है। उन्होंने कहा कि सिख कौम के पांचवें तख्त पर नतमस्तक होकर जहां वे ऊर्जा से भर गए, वहीं नशे के कारण अपने बेटे गंवा चुकी माताओं और पति गंवा चुकी महिलाओं की स्थिति देखकर बहुत निराश हुए।

👉 *‘आप’ ने किया पाप*
इन परिवारों के दर्द का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नशे ने कई माताओं की गोद सूनी कर दी, कई माता-पिता से बुढ़ापे की लाठी छीन ली और अनेक परिवारों को उजाड़ दिया। ‘आप’ ने भगत सिंह के वारिसों को नशे की ओर धकेलने का पाप किया है।

उन्होंने कहा कि जब हम नशे के खिलाफ यात्रा निकाल रहे हैं तो ‘आप’ वाले काले झंडे दिखा रहे हैं। इन्हें चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। नशा मुक्ति यात्रा का विरोध करके ये किसका समर्थन कर रहे हैं?
चौहान ने काफी सख्त लहजे में कहा, “हमसे न उलझो, हम जब मचलते हैं तो तूफान आने लगते हैं।” भाजपा ने नशे को खत्म करने का संकल्प लिया है और हम इससे पीछे नहीं हटेंगे।

👉*डकैतों को खत्म करने वाला शिवराज हूं*
उन्होंने कहा कि भगवंत मान याद रखें कि मैं वही शिवराज चौहान हूं, जिसने मध्य प्रदेश की सत्ता में आते ही छह महीने में चंबल से डकैतों का सफाया कर दिया था। पंजाब में भाजपा की सत्ता आते ही इसकी जड़ें उखाड़ दी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पंजाब के लिए संदेश है कि भाजपा पंजाब को नशा मुक्त करके ही दम लेगी। उत्तर प्रदेश से गैंगस्टरवाद, कश्मीर से हिंसा और देश से नक्सलवाद की तरह ही पंजाब के नशा तस्करों का सफाया किया जाएगा।

*नशा खत्म होने तक चैन नहीं*
चौहान ने भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से कहा कि वे पंजाब में बार-बार आएंगे और अगर यात्रा को रोकने की कोशिश की गई तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा, “रात आपकी है, लेकिन सुबह हमारी होगी।”

*हक की आवाज उठाने वालों को दुश्मन समझती है ‘आप’ सरकार: ढिल्लों*

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आप पार्टी का वादा था कि पंजाब से नशे का खात्मा किया जाएगा। लेकिन नशा खत्म होने के बजाय लगातार बढ़ रहा है।

ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में जो भी अपने हक की आवाज उठाता है, आम आदमी पार्टी की सरकार उसे अपना दुश्मन समझती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही पंजाब की जनता को इस दलदल से बाहर निकाल सकती है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वे अपने बच्चों को बचाना चाहते हैं और पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत देखना चाहते हैं, तो चुनाव में भाजपा को वोट देकर सत्ता में लाएं।

*मान सरकार नशा रोक पाई, न गैंगस्टरों पर लगाम लगा पाई: जाखड़*
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने नशे और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में आए दिन पुलिसकर्मियों की हत्याएं हो रही हैं, लेकिन पंजाब सरकार कुछ नहीं कर पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा बढ़ रहा है और गैंगस्टर बेखौफ घूम रहे हैं।

जाखड़ ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त करने का वादा किया था, लेकिन स्थिति इसके उलट है। उन्होंने हाल ही में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म ‘सतलुज’ का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से नशे से हुई मौतों का रिकॉर्ड जनता के सामने रखने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ जैसे नेता हैं। जाखड़ ने दावा किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

*नशे के नेटवर्क को खत्म करने का संकल्प: मनप्रीत बादल*
मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि भाजपा तलवंडी साबो की पवित्र धरती से पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प लेती है। उन्होंने मौजूदा मान सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर नशे के नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया जाएगा।

रैली में प्रदेश संगठन मंत्री श्रीनिवासनलू , पूर्व रेल मंत्री रवनीत बिट्टू, दयाल सोढ़ी, मीडिया सेल की सह संयोजक परमपाल कौर, जिला भाजपा अध्यक्ष बठिंडा (देहाती) गुरप्रीत सिंह मलूका, बठिंडा जिला भाजपा अध्यक्ष सरुप चंद सिंगला, यात्रा मीडिया प्रभारी डॉ कंवरजीत सिंह सोही, मीडिया कॉर्डिनेटर सत्येन ओझा, जसप्रीत सिंह, आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *