नौगांव में संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

तिलक चंद रमोला नौगांव : दौलतराम रवांल्टा राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव में उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय खंड स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत भाषा एवं संस्कृति पर आधारित विभिन्न विधाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्याम डोभाल और विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्याम डोभाल ने कहा कि संस्कृत हमारी प्राचीन भाषा और संस्कृति की आधारशिला है। विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत भाषा को अध्ययन और व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव की छात्राओं ने ‘हे शारदे मां, अज्ञानता से हमें तार देना’ वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य नरेश रावत ने की। आयोजक प्रधानाचार्य कुमारी रीना रावत और खंड संयोजक चेतन देव नौटियाल ने अतिथियों का स्वागत किया।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस कनिष्ठ वर्ग की आशुभाषण प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज राना की दिव्या ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज सरनोल की दिव्यासूं ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव की हिमासू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समूह वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श विद्यालय बड़कोट की महक व आरुषी की टीम प्रथम, दौलतराम रवांल्टा राजकीय इंटर कॉलेज नौगांव की राधा व आशू की टीम द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट के सिद्धांत व ईशांत की टीम तृतीय स्थान पर रही।

संस्कृत समूहगान में हिलग्रीन पब्लिक स्कूल बड़कोट ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज गडोली ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कलोगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्र-छात्राओं ने संस्कृत भाषा में विभिन्न प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अवतार सिंह चौहान, प्रधानाचार्य नरेश रावत, प्रधानाचार्य रीना रावत, मीना रावत, पीटीए अध्यक्ष गोपाल राणा, एसएमसी अध्यक्ष श्याम रावत, राकेश रमोला, शिव प्रसाद गौड़, प्रमोद रावत, नितू रावत, रेखा पुरी, शिव प्रसाद नौटियाल, प्रदीप, वंदना, सुखवीर सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे। संचालन शिक्षक कन्हैया लाल नौटियाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *