सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक, पारदर्शिता और जवाबदेही को दी जा रही प्राथमिकता : राजेश नागर

 

विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो 

पंचकूला,23 सितंबर : हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्यमंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में तकनीक, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही प्रदेश में नए राशन डिपो आवंटित किए जाएंगे। इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही डिपोधारकों को मिलने वाला मार्जिन प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाया जाएगा, जिससे उन्हें मार्जिन प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां राशन डिपोधारकों को सबसे अधिक मार्जिन दिया जाता है।

श्री राजेश नागर आज पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में जिले के राशन डिपोधारकों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष श्री अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश देवीनगर तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री राजकुमार सैनी भी उपस्थित रहे।

*देश में 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मिल रहा मुफ्त राशन*

श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 80 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। हरियाणा में भी मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 40 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रत्येक डिपोधारक को निशुल्क राशन पहुंचाया जाता है। डिपोधारकों से किसी भी प्रकार का परिवहन शुल्क, लोडिंग अथवा अनलोडिंग चार्ज नहीं लिया जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई ट्रांसपोर्टर या ठेकेदार डिपोधारक से किसी भी प्रकार की राशि की मांग करता है, तो डिपोधारक इसकी शिकायत विभाग के दूरभाष नंबर 0172-2741547 और 0172-2790255 पर कर सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

*पात्रता के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध करवाना डिपोधारकों की जिम्मेदारी*

श्री राजेश नागर ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से लागू करने में राशन डिपोधारकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पंचकूला जिले में कुल 110 राशन डिपो हैं। प्रत्येक डिपोधारक की जिम्मेदारी है कि वह प्रत्येक राशन कार्डधारक को उसकी पात्रता के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध करवाए, ताकि सरकार के गरीब कल्याण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी डिपोधारकों को नई मशीनें और इलेक्ट्रॉनिक कांटे उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। इन उपकरणों का सही ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि राशन वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

*निर्धारित समय के अनुसार डिपो खुले रखना सुनिश्चित करें डिपोधारक*

श्री नागर ने कहा की डिपोधारक गर्मियों में सरकारी समय के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा सायं 5 बजे से रात 8 बजे तक और सर्दियों में प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक डिपो खुले रखें तथा राशन वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डिपोधारक यह सुनिश्चित करें कि कार्डधारकों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने डिपोधारकों को अपने-अपने डिपो पर साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से जानकारी मिल सके कि संबंधित स्थान पर राशन उपलब्ध करवाया जाता है। उन्होंने डिपोधारकों को डिपो परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि अनाज की गुणवत्ता प्रभावित न हो।

*डिपोधारकों की समस्याएं और सुझाव सुने*

इस अवसर पर मंत्री श्री राजेश नागर ने राशन डिपोधारकों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए कि डिपोधारकों को राशन की आपूर्ति वजन करने के बाद ही की जाए, ताकि डिपोधारकों को कार्डधारकों की संख्या के अनुसार सही मात्रा में राशन प्राप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि अगले माह से डिपोधारकों को चीनी की आपूर्ति एक किलोग्राम के पैकेट में की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी भी डिपोधारक को निर्धारित मात्रा से कम राशन की आपूर्ति की जाती है, तो संबंधित ठेकेदार अथवा अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

*स्मार्ट पीडीएस से वितरण प्रणाली को बनाया जा रहा अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी*

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक श्री जतिन मित्तल ने बताया कि मंत्री श्री राजेश नागर के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में महत्वपूर्ण सुधार किए जा रहे हैं। स्मार्ट पीडीएस के माध्यम से पूरी वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नई 5जी-सक्षम ई-पीओएस मशीनों के साथ कनेक्टेड वेइंग सिस्टम को जोड़ा गया है। इससे राशन के वितरण एवं वजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है तथा राशन के डायवर्जन की संभावना को काफी हद तक कम किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *