गणेश महोत्सव में पहुंचे प्रभारी मंत्री, गंगोरी-अगोड़ा मार्ग की मरम्मत 15 अक्टूबर तक शुरू करने का आश्वासन

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

नौगांव : अस्सी गंगा घाटी के ग्राम अगोड़ा में डोडीताल मंदिर समिति कैलाशू की ओर से आयोजित श्री गणेश महोत्सव में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रतिभाग किया। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।

इस अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति ने क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं। श्री गणेश की जन्मस्थली और माता अन्नपूर्णा की पावन भूमि पर पहुंचना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गंगोरी से अगोड़ा मार्ग के मरम्मत कार्य को 15 अक्टूबर तक शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने पशु चिकित्सालय में आवासीय भवन की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र में ट्रैक रूट विकसित करने और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों से क्षेत्रीय विधायक के साथ प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने प्रस्ताव को पर्यटन मंत्री के समक्ष रखकर आवश्यक कार्रवाई कराने का भी आश्वासन दिया।

कुछ समय पूर्व डासड़ा में 132 भेड़-बकरियों की मृत्यु के मामले में प्रभावित पशुपालकों को एसडीआरएफ मद से 5 लाख 36 हजार रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध कराई गई। इस सहायता के लिए ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने प्रभारी मंत्री का आभार जताया।

क्षेत्रीय विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों के विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप पंवार, श्याम डोभाल, गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, महावीर नेगी, परशुराम जगूड़ी, कुलदीप नेगी, हीरालाल शाह, डोडीताल मंदिर समिति अध्यक्ष बलदेव राणा, सचिव उमेद पंवार, पुजारी राधेश्याम खंडूड़ी सहित अन्य पदाधिकारी, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *